UP Triple Murder: युवती के एकतरफा प्रेम में पागल था युवक, मौका पाते ही दिया खौफनाक घटना को अंजाम

गोरखपुर। एक ही परिवार के तीन लोगों की हुई हत्या ने शादी की खुशी को गम में बदल दिया। घटना को लेकर रायगंज गांव के लोग गुस्से में है। पति-पत्नी व बेटी की हत्या किए जाने की खबर मिलते ही गांव के लोग रामा के घर की दौड़ पड़े। घर में कोहराम मचा गया और महिलाएं बिलख रही थीं। परिवार व रिश्तेदारों का गुस्सा जातीय संघर्ष का रुप न ले इसको लेकर पुलिस के अधिकारी गांव में ही कैंप कर रहे हैं। एसपी सिटी केके विश्वनोई, एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह फोर्स के साथ गांव में कैंप करने के साथ ही देर रात तक परिवार व रिश्तेदारों को सांत्वना देते रहे। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव है।
पूरे गांव में कोहराम
गामा उनकी पत्नी व बेटी की हत्या किए जाने की सूचना सूचना जैसे ही घर पहुंची कोहराम मच गया। बेटी के मटकोड़वा की खुशी मातम में बदल गई। पूरे गांव में मातम छा गया। घर और आसपास के लोग घटना स्थल की और दौड़ पड़े। यहां तक कि घर की सभी महिलाएं बच्चों को लेकर पहुंच गईं। गांव के लोगों ने बताया कि शाम से ही आलोक गामा के घर के आसपास मंडरा रहा था। लेकिन उसका इरादा इतना खूंखार है किसी को अंदाजा नहीं था। माता-पिता व बड़ी बहन की हत्या के बाद अच्छेलाल का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग व रिश्तेदार उसे संभालने में जुटे थे।
गांव के दूसरे युवक से थी प्रीती की दोस्ती
हत्यारोपित आलोक प्रीति से एक तरफा प्यार करता था, जबकि प्रीति की गांव के एक दूसरे युवक से दोस्ती थी। आलोक इसका विरोध कर रहा था। इसे लेकर पांच माह पूर्व आलोक की उस युवक से मारपीट भी हुई थी। आलोक उसके बाद से निरंतर प्रीति पर दबाव बना रहा था, लेकिन वह उसका विरोध करती थी।
एक घंटे में दो बड़ी वारदात से फैली सनसनी
एक परिवार के तीन लोगों की हत्या किए जाने की सूचना पर बहुत देर तक लोगों को भरोसा नहीं हुआ। मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति साफ हुई तो हड़कंप मच गया। कोतवाली क्षेत्र में भी पहले एक व्यक्ति को गोली लगने की बात सामने आई। कुछ देर बाद पता चला कि तीन लोगों को गोली लगी है। शहर में एक घंटे के भीतर दो बड़ी वारदात होने की सूचना लखनऊ के अधिकारियों को हुई तो हड़कंप मच गया।एडीजी के साथ ही सभी आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। देर रात तक लखनऊ से दोनों घटना के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली जाती रही।